भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के भाषण के मुख्य बिन्दु

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह के भाषण के मुख्य बिन्दु

मैं सबसे पहले राजस्थान भाजपा अध्यक्ष और राजस्थान की नेता हमारी मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे जी को हृदय से बधाई देना चाहता हूं कि राजस्थान 75 लाख के सदस्यता के आंकडे को पार कर गया है। और इस समय कार्यकर्ताओं का समूह जो मैं सामने देख रहा हूं मुझे भरोसा है कि आने वाले वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी के अलावा यहां किसी की कोई जगह नहीं होगी। 75 लाख के आंकड़े को यहां के गांव-गांव और कूचे-कूचे में फैले हुए हमारे लाखों कार्यकर्ताओं ने कठिन परिश्रम करके इस कार्य को सिद्ध किया है। मुझे मालूम है कि कितना कठिन काम था मगर जिस तरह का परिश्रम भाजपा के कार्यकर्ता ने किया है उसको दो हाथ जोड़कर वंदन करने के अलावा कोई पुरस्कार नहीं दिया जा सकता। मैं मंच से भाजपा राजस्थान के सबसे छोटे से छोटे कार्यकर्ता को मंच से वंदन करता हूं।

आज देश में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। और मुझे कहने में कोई झिझक नहीं है कि राजस्थान की जनता के आशीर्वाद से ही पूर्ण बहुमत मिला है। राजस्थान में 25 की 25 सीटें राजस्थान की जनता ने भाजपा की झोली में डालकर भाई नरेन्द्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाने का रास्ता प्रशस्त किया है। एनडीए सरकार जो देश में बनी है वो सरकार एक ऐसे समय पर बनी जब देश के अंदर पीड़ा और हताशा का माहौल था। देश के अंदर दस साल के हर महीने में एक घोटाले था। कभी 2जी घोटाला, कभी सीडब्ल्यूजी घोटाला कभी सबमरीन खरीदने में घोटाला, कभी विमान खरीदने में घोटाला, कहीं एयरपोर्ट बनाने में घोटाला, कहीं टैंक खरीदने में घोटाला और अंत में तो कोयले का भी घोटाला आ गया था। चारो ओर घपलों और घोटालों की सरकार बनी थी। और उस घपलों और घोटालों की सरकार को देश की जनता ने बड़ी सूझबूझ से रास्ता दिखा दिया और एक सूझबूझ वाली सरकार बनाने का काम इस देश की जनता ने किया जो पूर्ण बहुमत की भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है।

तीस साल के बाद देश के लोकतांत्रिक इतिहास के अंदर एक पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। और आजादी के बाद पहली बार गैर-कांग्रेसी पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। आज मई महीनें में सरकार का एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। सरकार का एक वर्ष पूरा होने तक सरकार ने काफी काम कर लिए है। हमने इस तरफ भी ध्यान दिया है कि हमारे विरोधी हमारे विरूद्ध दुष्प्रचार का माहौल बना रहे है मगर मैं कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि इन भ्रान्तियों में मत पडि़ए इस सरकार ने एक भी ऐसा काम नहीं किया कि भाजपा के कार्यकर्ता का सर नीचा हो जाए हर काम ऐसा किया है कि कार्यकर्ता गौरव के साथ लोगों के बीच जाए। जो सवाल उठाते हैं उनसे में पूछना चाहता हूं कि एक वर्ष होने जा रहा है एक घोटाला, एक घपला बता दीजिए तब तो मानेंगे कि आपकी बात सही है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पिछले एक वर्ष के अंदर देश के कामकाज के अंदर से भ्रष्टाचार को निर्मूल करने का काम किया है बिना घपलो, घोटालों वाली सरकार देने का काम किया है। हमें कहते है कि कार्पोरेट घरानों की सरकार है मैं आपसे पूछना चाहता हूं सोनिया जी, आपके जमाने में 59 हजार करोड़ रूपये का कोयला किसने कार्पोेरेट घरानों को दे दिया था। दर्डा और जिंदल को किसने कोयला दे दिया था। भाजपा की सरकार ने नहीं दिया था आपकी सरकार ने दिया था। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने तो पारदर्शिता से नीलामी की और 220 खदानें उसमें से भी 30 खदानों की नीलामी अभी हुई है और 2 लाख करोड़ रूपए देश के खजाने में जमा हुए है। अगर हम कार्पोरेट के हितैषी होते तो ये 2 लाख करोड़ रूपये कार्पोरेट से लेकर गरीबों की सेवा के लिए देश के खजाने में जमा नहीं करते। 2जी का आबंटन आपने घोटाले करके किया था हमने पारदर्शिता से किया 1 लाख 9 हजार करोड़ रूपये आज देश के खजाने में आ गया है, जो देश के किसान के काम आने वाला है।

मित्रों, इस सरकार ने आते ही एक साथ कई योजनाओं को शुरू करने का काम किया है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्रभाई ने 15 अगस्त को लालकिले की प्राचीर से भाषण करते हुए जन-धन योजना की घोषणा की थी। देश की 68 साल की आजादी के बाद जब भाजपा की सरकार बनी तब तक देश के 60 करोड़ लोग ऐसे थे जिनके परिवार में एक भी बैंक अकाउंट नहीं था। इन गरीबों की चिंता कांग्रेस ने नहीं की। उन गरीबों की चिंता भाजपा के नेता नरेन्द्र मोदी ने की है। और यह सरकार जन-धन योजना लेकर आई और 11 महीने के अंदर 14 करोड़ लोगों के घर में बैंक अकाउंट पहुंचाने का काम इस सरकार ने कर दिया। 14 करोड़ परिवार में अर्थतंत्र के साथ जुड़ने का काम इस सरकार ने किया। और इसके साथ ही वो हर जन-धन बैंक अकाउंट होल्डर को 12 रूपए में 2 लाख रूपए का एक्सीडेंट बीमा और 330 रूपए में लाइफ इश्योरेंस बीमा देने का काम भी भाजपा की सरकार ने किया है। यह सरकार गरीबों की सरकार रही है।

मित्रों, महंगाई को भी इस सरकार ने काफी हद तक कम किया है। भाजपा की सरकार ने पेट्रोल और डीज़ल के दामों में भारी कटौती की है। और महंगाई का थोक सूचकांक जो 7 प्रतिशत के आस-पास घूमता था उसको माइनस में ले जाने का काम ये भाजपा की मोदी सरकार ने किया है। मेक इन इंडिया के माध्यम से दुनियाभर के उद्योगपतियों को हिन्दुस्तान में उत्पादन करने के लिए एक प्लेटफार्म देने का काम भारतीय जनता पार्टी सरकार ने किया है। और इसके द्वारा बेरोजगार युवा को रोजगार मिलने वाला है। बेरोजगारी हटती है तो गरीबी अपने आप हटती है। और भाजपा की सरकार स्किल डेवलप्मेंट और मेक इन इंडिया के माध्यम से गरीबी हटाने में लगी हुई है।

मित्रों, काले धन का मसला वर्षों से चला आ रहा है। कोई कुछ नहीं करता। यूपीए की सरकार के पास ढाई साल से 600 से ज्यादा बैंक अकाउंट की सूचनाएं थी। उसकी जांच के लिए एसआईटी बननी थी। भाजपा की सरकार ने सरकार बनते ही पहली की कैबिनेट का पहला ही प्रस्ताव काले धन की जांच के लिए एसआईटी बनाने का किया। और वो सारी सूचनाएं एसआईटी को दे दी और आज उस पर जांच हो रही है। संसद में भाजपा की सरकार एक कानून लेकर आई है। काला धन ले जाने वाले, विदेश में रखने वाले, विदेश में संपत्ति बसाने वाले उनके लिए सजा का कोई प्रोविजन और प्रावधान नहीं था। नरेन्द्र मोदी सरकार ने उनको जेल के पीछे डालने का प्रावधान करके काले धन को विदेश ले जाने का रास्ता हमेशा के लिए बंद कर दिया है।

मित्रों, सीमा सुरक्षा वर्षों से हम देखते थे भारत इतना बड़ा देश है सवा सौ करोड़ की जनता का दुनिया में कितना सम्मान होना चाहिए। छोटे-छोटे देश हमारी सीमाओं के साथ छेड़खानी करते थे। आज मैं गर्व से कहना चाहता हूं कि किसी की हिम्मत नहीं है कि आंख उठाकर हिन्दुस्तान की सीमा पर देखे। शुरू-शुरू में थोड़ा प्रयास किया गया। पाकिस्तान की सरहद पर गोलीबारी हुई। पहले कुछ नहीं होता था। और अब यहां नरेन्द्र मोदी की भाजपा की सरकार है। यहां मूड बदला है वहां से गोली आती है यहां से गोला जाता है ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाता है। और उसी का कारण है कि आज देश की सीमाएं सुरक्षित है। किसी की हिम्मत नहीं है कि देश की सीमाओं की तरह आंख उठाकर देख सके। यह भाजपा की सरकार ने किया है। हमारी सरकार ने आदर्श ग्राम की योजना लाकर गांव के विकास के लिए एक नया अध्याय शुरू किया है।

मित्रों, इस देश को दुनिया में 10 साल के अंदर सम्मान मिलना ही बंद हो गया था। आपको याद होगा 10 साल तक हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह जी विदेश जाते थे तो क्या आपको पता चलता था क्या ? अभी श्री नरेन्द्र भाई विदेश जाते है, अमेरिका जाते है, जापान जाते है, भूटान जाते है लंका जाते है, नेपाल जाते है आस्ट्रेलिया, जापान, जर्मनी जहां-जहां गए। हजारो-हजारों के हुजूम ने भाजपा के इस नेता का विदेश की धरती पर स्वागत हुआ है। यही बताता है कि दुनिया में हिन्दुस्तान का सम्मान कितना बढ़ा है। और जब नरेन्द्र भाई यूएन एसेम्बली के अंदर और अमेरिका के स्टेडियम के अंदर हजारों की संख्या में देश की राष्ट्रभाषा हिन्दी में दुनिया को संबोधित करते है तो हिन्दुस्तान की छाती गज-गज फूल जाती है। पूरी दुनिया हिन्दुस्तान का सम्मान करती है। 21वीं शताब्दी हिन्दुस्तान की शताब्दी है वो दुनिया भूल गई थी यह 11 महीनों में भाजपा ने याद करा दिया है कि हमें कोई कम नहीं आंक सकता 21वीं शताब्दी भारत की शताब्दी है। हम दुनिया को नेतृत्व देने के लिए प्रस्तुत है। यह बात हमारी सरकार ने की है। विकास के लिए भाजपा की सरकार ने चहुंमुखी कार्य किए हैं। जब अटल जी की सरकार थी। जब सरकार आई पहले 4.1 प्रतिशत विकास दर था अटल जी 8.4 प्रतिशत छोड़कर गए थे। यूपीए ने फिर से 4.4 प्रतिशत करके हमें दे दिया है। 11 महीनों के अंदर 4.4 प्रतिशत विकास दर को 5.7 प्रतिशत तक पहुंचाने का काम भाजपा की सरकार ने किया है। इस सरकार ने सभी क्षेत्रों में विकास हो इसके लिए काम किए हैं। किसानों के लिए प्रधानमंत्री ऋण किसान योजना अभी राजस्थान के अंदर ही सोइल हेल्प कार्ड की योजना शुरू की जो देशभर के अंदर राजस्थान से शुरू होकर जाने वाली है। इसके माध्यम से किसान का खाद भी बचने वाला है पानी भी बचने वाला है और उर्जा भी बचने वाली है। किसानों को जब ऊपर से मुसीबत आती है तो काई रास्ता नहीं सूझता। नरेन्द्रभाई ने अतिवृष्टि और औलावृष्टि के लिए जो 50 प्रतिशत नुकसान का मानदंड था उसको कम करके 33 प्रतिशत पर लाने का काम किया है और मुआवजा भी डेढ़ गुना कर दिया है। जो अनाज खराब हो गया भारत सरकार ने उसको भी खरीदने का निर्णय लेकर किसानों के बुरे वक्त में भी साथ खड़े रहने का निर्णय लिया है। आज वसुंधरा जी ने भी राजस्थान के किसानों के लिए काफी अच्छी सहायता की घोषणा की और यही परिचायक है कि भाजपा की सरकारें किसानों के प्रति कितनी संवेदनशील है।

मित्रों, राजस्थान के अंदर वसुंधरा जी की सरकार पर राजस्थान की जनता ने बहुत कृपा की। आजादी के बाद भारतीय जनता पार्टी को सबसे ज्यादा 163 सींट वसुंधरा जी के नेतृत्व में इस बार मिली है। और उसके बाद सरकार ने लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप काम करना जारी रखा। और एक के बाद एक जन-समर्थन सिद्ध करने के मौके आए। लोकसभा आई 100 में से 100 प्रतिशत परिणाम 25 में से 25 सीटें भाजपा को मिली। स्थानीय निकायों के चुनाव आए 100 में से 75 प्रतिशत परिणाम भाजपा जीती। सब जगह विजय ही विजय हुई। जब जनता समर्थन करती है तो इसका मतलब है कि सरकार अच्छे से ही नहीं चल रही बल्कि बहुत अच्छे से चल रही है तभी जनता जाकर समर्थन देती है। कई नई जरूरते वसुंधरा जी की सरकार ने की भामाशाह योजना के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण, रोजगारी के डेवल्पमेंट के लिए स्किल डेवल्पमेंट, औद्योगिक विकास के लिए विशेष प्रयास आदि किये है। अब राजस्थान के अंदर विकास की शुरूआत हो गई है।

मित्रों, हर पंचायत में तालाब को एक आदर्श तालाब बनाने की योजना मैं देश में जहां भी जाता हूं हर सरकार को कहता हूं यह करने जैसा कार्य है राजस्थान सरकार कर रही है आप भी कीजिए।

मित्रों, अभी-अभी कुछ समय पहले भारतीय जनता पार्टी की चाहे प्रदेश की सरकार हो या देश की सरकार हो इसके खिलाफ हमारी विपक्षी पार्टियां अलग-अलग प्रकार के अनर्गल आरोप मढ़ रही है कांग्रेस पार्टी कहती है कि हम किसानों का ध्यान नहीं रखते मैं कांग्रेस के नेताओं को कहना चाहता हूं कि आपके परिवारजनों ने राजस्थान और हरियाणा के किसानों की अरबो-खरबों की जमीनें हड़प कर ली। आपको किसान के लिए एक शब्द भी बोलने का अधिकार नहीं है। क्या कहते हैं आप ? जिन्होंने किसानों की जमीनें ले ली वो बोलते हैं। भाजपा की सरकारें चाहे केन्द्र की सरकार हो चाहे राजस्थान की सरकार हो, चाहे देश में फैली हुई 13 राज्यों की सरकारें हो, किसानों के दिक्कत में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें किसानों से कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेंगी। भाजपा का कार्यकर्ता इन बातों में न आए, इन भ्रामक प्रचार में न फंसे घर-घर जाए। इस महासंपर्क अभियान का उपयोग करके फैल जाइए पूरे राजस्थान के अंदर और गौरव से कहिए चाहे देश की सरकार हो, प्रदेश की सरकार हो एक भी भ्रष्टाचार का आरोप इस सरकार पर आज तक नहीं हुआ, भ्रष्टाचारविहीन सरकार भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। भाजपा की सरकार ने देश और दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाने का काम किया है। औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया है, रोजगारी को बढ़ावा दिया है, गरीबी को दूर करने के लिए काम किया है, महंगाई को कम किया है, कोई ऐसी बात नहीं जिसके कारण भाजपा के कार्यकर्ता को झिझकना पड़े।

मित्रों, दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेतृत्व आज भारतीय जनता पार्टी के पास है। नरेन्द्रभाई दुनिया में जहां भी जाते हैं, जिस प्रकार का स्वागत होता है वो दिखाता है कि हमारे पास दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेतृत्व है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी हम हैं। आत्मविश्वास से लैस होकर लोगों में फैल जाइए। घर-घर जाकर संपर्क करिए और आने वाले दिनों के लिए एक मजबूत भारतीय जनता पार्टी की नींव रखिए।

मित्रों, देश में नरेन्द्रभाई के नेतृत्व में और यहां वसुंधरा जी के नेतृत्व में हमने जो नारा दिया था कांग्रेस मुक्त भारत और कांग्रेस मुक्त राजस्थान उसे साकार करके हमारे कार्यकर्ता ने एक कदम और चला है। अब समय है पार्टी का विस्तार करने का 75 लाख कार्यकर्ताओं की फौज अगर हम ढंग से संगठित कर लेते हैं तो लंबे अर्से तक भाजपा को कोई परास्त नहीं कर सकता।

मित्रों, आज मैं इस विशाल कार्यकर्ता समागम में इतना ही कहना चाहता हूं कि हम सब भारतीय जनता पार्टी के सिद्धांतों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की योजनाओं को लेकर और भारतीय जनता पार्टी की सरकारों के अच्छे कामों को लेकर लोगों के बीच में जाए। 1 मई से तीन महीनें तक लोकसंपर्क का जो अभियान है उसे आप सफल बनाइए। और एक लंबे समय तक भाजपा के माध्यम से राजस्थान को देश का उत्कृष्ट प्रदेश बनाने के लिए हम सब कार्यरत हो।

भारत माता की जय! भारत माता की जय!

!वंदे मातरम्!

टिप्पणियाँ

इन्हे भी पढे़....

विश्व व्यापी है हिन्दुओँ का वैदिक कालीन होली पर्व Holi festival of Vedic period is world wide

सेंगर राजपूतों का इतिहास एवं विकास

हमारा देश “भारतवर्ष” : जम्बू दीपे भरत खण्डे

हमें वीर केशव मिले आप जबसे : संघ गीत

तेरा वैभव अमर रहे माँ, हम दिन चार रहें न रहे।

भाजपा की सुपरफ़ास्ट भजनलाल शर्मा सरकार नें ऐतिहासिक उपलब्धियां का इतिहास रचा

कांग्रेस की हिन्दू विरोधी मानसिकता का प्रमाण

रामसेतु (Ram - setu) 17.5 लाख वर्ष पूर्व

भारत को आतंकवाद के प्रति सावचेत रहना ही होगा - अरविन्द सिसोदिया

दीवान टोडरमल के समर्पण शौर्य पर हिन्दुत्व का सीना गर्व से चौंडा हो जाता है - अरविन्द सिसौदिया Diwan-Todar-Mal